- Hindi News
- स्पोर्ट्स
- आईपीएल 2026 : पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराया, श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी
आईपीएल 2026 : पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराया, श्रेयस अय्यर की कप्तानी पारी
मुल्लांपुर : कप्तान श्रेयस अय्यर की नाबाद 69 रन की शानदार पारी, प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह के तेज अर्धशतकों की बदौलत पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एक मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। पंजाब ने 220 रन के लक्ष्य को 18.5 ओवर में चार विकेट पर 223 रन बनाकर हासिल किया।
सलामी जोड़ी के आउट होने के बाद कूपर कॉनली 11 रन बनाकर लौटे, जबकि नेहाल वढेरा भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। हालांकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक छोर संभाले रखा और 33 गेंद में पांच चौकों व पांच छक्कों की मदद से नाबाद 69 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। शशांक सिंह 16 रन बनाकर नाबाद रहे।
सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से शिवांग कुमार ने सबसे सफल गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए, जबकि हर्ष दुबे को एक विकेट मिला।
इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने छह विकेट पर 219 रन का मजबूत स्कोर बनाया। टीम को अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने तेज शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी की।
अभिषेक शर्मा ने 28 गेंद में पांच चौकों और आठ छक्कों की मदद से 74 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि ट्रेविस हेड ने 23 गेंद में 38 रन बनाए। कप्तान इशान किशन ने 17 गेंद में 27 रन का योगदान दिया। मध्यक्रम में हेनरिक क्लासेन ने 33 गेंद में 39 रन बनाकर टीम को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
पंजाब किंग्स की ओर से शशांक सिंह और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट झटके, जबकि जेवियर बार्टलेट को एक सफलता मिली।
