- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- वाराणसी
- वाराणसी आरटीसी से 20 अप्रैल को यूपी पुलिस को मिलेंगी 491 महिला आरक्षी
वाराणसी आरटीसी से 20 अप्रैल को यूपी पुलिस को मिलेंगी 491 महिला आरक्षी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस को 20 अप्रैल को 491 नई महिला आरक्षी मिलने जा रही हैं। वाराणसी पुलिस लाइन स्थित रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर (आरटीसी) में इन महिला आरक्षियों का नौ महीने का प्रशिक्षण अंतिम चरण में है और पासिंग आउट परेड के बाद इन्हें सेवा में शामिल कर लिया जाएगा।
प्रशिक्षण में सोशल पुलिसिंग, साइबर अपराध की रोकथाम, हथियार संचालन, फॉरेंसिक साइंस, अपराध नियंत्रण, दंगा नियंत्रण, पुलिस संगठन, अंतर-विभागीय समन्वय, पुलिस कार्यप्रणाली, अनुशासन, महिला पुलिस की भूमिका, नैतिकता और जवाबदेही जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा उन्हें योग, खेलकूद, श्रमदान, वर्दी पहनने की विधि, अधिकारियों की वर्दी की पहचान और सलामी देने के तरीके का भी अभ्यास कराया गया है।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रशिक्षु महिला आरक्षियों को आधुनिक चुनौतियों के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत कर सकें।
अपर पुलिस उपायुक्त/सहायक पुलिस आयुक्त पुलिस लाइन डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि महिला आरक्षियों की परीक्षाएं जारी हैं। 20 अप्रैल को पासिंग आउट परेड के बाद सभी प्रशिक्षु पूर्ण रूप से आरक्षी के रूप में सेवा में तैनात हो जाएंगी।
प्रशिक्षु महिला आरक्षी नीतू गौतम ने कहा कि पुलिस की वर्दी पहनकर वे मिशन शक्ति की सिपाही के रूप में हर महिला को सुरक्षित महसूस कराने का प्रयास करेंगी। वहीं कविता यादव ने कहा कि वे समाज में बदलाव की प्रतिनिधि बनकर महिलाओं की आवाज को मजबूत करेंगी।
एक अन्य प्रशिक्षु सोनाली, जो प्रयागराज के फूलपुर क्षेत्र के एक गांव की पहली बेटी हैं जो पुलिस सेवा में चयनित हुई हैं, ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है और अब उनके गांव की अन्य बेटियां भी पुलिस भर्ती के बारे में जानकारी ले रही हैं।
