Mau News: बीएसए की बड़ी कार्रवाई, कम नामांकन और खराब शैक्षिक गुणवत्ता पर हेडमास्टर निलंबित

मऊ। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) संतोष कुमार उपाध्याय ने परदहां ब्लॉक के अराजीतौफिर स्थित कंपोजिट विद्यालय में कम नामांकन और खराब शैक्षिक गुणवत्ता मिलने पर प्रधानाध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही तीन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

विद्यालय निरीक्षण में सामने आईं कई खामियां

बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय ने सोमवार को अराजीतौफिर स्थित कंपोजिट विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कक्षा 1 से 8 तक के केवल 17 छात्र ही उपस्थित थे। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अखिलेश और सहायक अध्यापक वीणा पाल व दिव्या मनुराज शिक्षण कार्य में संलग्न नहीं पाए गए। सभी छात्र मिश्रित कक्षाओं में बैठे मिले।

सुबह 10:30 बजे तक उपस्थिति पंजिका भी नहीं भरी गई थी और विद्यालय का पूरा स्टाफ शिक्षण कार्य में रुचि नहीं ले रहा था। न ही नामांकन बढ़ाने के लिए कोई प्रयास किया गया था। इस लापरवाही को देखते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया और तीन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

बिना मान्यता वाले स्कूल पर एक लाख का जुर्माना

निरीक्षण के दौरान परदहां ब्लॉक के सरवां क्षेत्र में स्थित ज्ञानती पीठ चिल्ड्रेन स्कूल बिना मान्यता संचालित पाया गया। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी को स्कूल बंद कराने के निर्देश दिए गए और विद्यालय पर एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया। इसके साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया।

बीएसए ने निर्देश दिया कि बिना मान्यता संचालित विद्यालय के सभी बच्चों का नजदीकी परिषदीय विद्यालय में नामांकन कराया जाए और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

अनियमितताओं पर इंटर कॉलेज प्रबंधक को नोटिस

बीएसए ने नगर क्षेत्र के बकवल स्थित राज इंटर कॉलेज के भवन में संचालित प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मान्यता की शर्तों का उल्लंघन पाया गया। विद्यालय प्रबंधक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

बीएसए ने दी सख्त चेतावनी

बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय ने कहा कि शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी शिक्षक अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Latest News

राम मंदिर परिसर में सभी मंदिरों के दर्शन अब बिना पास के, बढ़ी भीड़ तो फिर लागू होगी पुरानी व्यवस्था राम मंदिर परिसर में सभी मंदिरों के दर्शन अब बिना पास के, बढ़ी भीड़ तो फिर लागू होगी पुरानी व्यवस्था
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर परिसर में स्थित सभी प्रमुख और पूरक मंदिरों के दर्शन के...
‘दिव्य प्रेम’ में गूँजा ‘दिव्य फोर्स’ का दमदार रैप, बच्चों की अनोखी शक्तियों ने बढ़ाया रोमांच
एबी डी विलियर्स बने काबुनी के सुपर कोच, युवा खिलाड़ियों को मिलेगी एआई आधारित क्रिकेट ट्रेनिंग
‘ऑफिस ऑफिस सीज़न 2’ में नई लीड बनेंगी श्रुति शर्मा, बोलीं- “यह मेरे लिए सपने जैसा”
डालमिया भारत सीमेंट ने लॉन्च किया ‘वेदर 365’, अब घर होंगे सीलन और बारिश से ज्यादा सुरक्षित
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.