Ballia News : TET की अनिवार्यता के खिलाफ शिक्षक संगठनों की बैठक, आंदोलन तेज करने का ऐलान

बलिया : शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता के विरोध में अखिल भारतीय शिक्षक महासंघ (JTFI) के तत्वावधान में विभिन्न शिक्षक और कर्मचारी संगठनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक विशिष्ट बीटीसी के संरक्षक अरुण सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें टीईटी अनिवार्यता के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि नियुक्ति के समय सभी मानकों पर खरे उतरने वाले शिक्षकों के भविष्य को इस तरह अनिश्चितता में नहीं डाला जा सकता। उन्होंने टीईटी की अनिवार्यता का विरोध करते हुए आगामी कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का संकल्प लिया।

यह भी पढ़े - ISVS के उपाध्यक्ष बने डॉ. ज्ञानदेव सिंह, बलिया में खुशी का माहौल

पदाधिकारियों ने बताया कि 9 से 15 मार्च तक पोस्टकार्ड अभियान चलाया जाएगा, जिसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश, मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष को पत्र भेजे जाएंगे। इसके साथ ही ई-मेल और एक्स (ट्विटर) अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सके।

बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अजय सिंह, अटेवा के जिला संयोजक समीर कुमार पांडेय, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम चौबे, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला संयोजक राजेश सिंह, टीएससीटी अध्यक्ष सतीश सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ 1160 के अध्यक्ष सतेंद्र राय, माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के लाल साहब यादव, शिक्षा मित्र संघ के अध्यक्ष पंकज सिंह, प्राशि संघ पंजीकृत 1160 के निर्भय नारायण सिंह और एसटी/एससी बेसिक संघ के अध्यक्ष अंजनी कुमार मुकुल समेत कई संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में अन्य शिक्षक संगठनों से भी एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर विनय राय, गोपाल जी पाठक, इरफान अहमद, नित्यानंद पांडेय, अनिल सिंह, राजेश सिंह और धर्मेंद्र जी सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.