- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- सम्भल
- UP: मां की पेंशन विवाद में छोटे भाई ने बेटों संग बड़े भाई की गोली मारकर हत्या
UP: मां की पेंशन विवाद में छोटे भाई ने बेटों संग बड़े भाई की गोली मारकर हत्या
संभल: मां की पेंशन को लेकर लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद ने सोमवार को खूनी रूप ले लिया। ऐंचोडा कंबोह थाना क्षेत्र के राजीवखेड़ा गांव में छोटे भाई ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर बड़े भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पिता-पुत्र फरार हो गए। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे संजीव कुमार पशुओं को खोलकर घर ला रहे थे। इसी दौरान वहां ब्रजकिशोर अपने बेटों अर्पित और आरव के साथ पहुंच गया। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और आरोप है कि ब्रजकिशोर व उसके दोनों बेटों ने तमंचे से संजीव पर गोली चला दी। गोली लगते ही संजीव की मौके पर ही मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई हत्या से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुछ देर बाद क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साक्ष्य संकलन के साथ ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
परिजनों ने ब्रजकिशोर, उसके दोनों बेटों के साथ-साथ उसकी पत्नी सपना पर भी हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
एक दिन पहले हुई थी पंचायत
मृतक के छोटे भाई नवीन कुमार ने बताया कि पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को रिश्तेदारों और गांव के लोगों की मौजूदगी में पंचायत हुई थी, लेकिन ब्रजकिशोर ने पंचायत का फैसला मानने से इनकार कर दिया था। नवीन के अनुसार, पेंशन विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ था, जो आखिरकार इस जघन्य वारदात में बदल गया।
