Union Budget 2026-27: यूपी को कई बड़ी सौगातें, सभी जिलों में गर्ल्स हॉस्टल व इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर; दो हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को मंजूरी

नई दिल्ली/लखनऊ। केंद्रीय बजट 2026-27 में उत्तर प्रदेश को बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और कनेक्टिविटी के मोर्चे पर कई अहम सौगातें मिली हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में बजट पेश करते हुए राज्य के सभी जिलों में कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास (गर्ल्स हॉस्टल) और इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर खोलने की घोषणा की।

बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा कि पर्यावरण के अनुकूल और तेज यात्री परिवहन को बढ़ावा देने के लिए देश में सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। इनमें उत्तर प्रदेश से जुड़े दिल्ली–वाराणसी और वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर शामिल हैं, जिससे राज्य की कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।

यह भी पढ़े - Kanpur News : प्रेम विवाह के पांच माह बाद पति ने फंदे से लटककर दी जान

उन्होंने कहा कि बजट का तीसरा प्रमुख उद्देश्य ‘सबका साथ–सबका विकास’ की भावना के अनुरूप किसानों की आय बढ़ाना, दिव्यांगजनों को सशक्त बनाना और मानसिक स्वास्थ्य व ट्रॉमा केयर जैसी सुविधाओं तक कमजोर वर्गों की पहुंच सुनिश्चित करना है। इसके तहत पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर राज्यों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में विकास और रोजगार के अवसरों को तेज करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

वित्त मंत्री ने वाराणसी में अंतर्देशीय जल परिवहन को मजबूती देने के लिए शिप रिपेयर और मेंटेनेंस से जुड़े पोर्ट विकसित करने की भी घोषणा की। इससे जलमार्गों के जरिए माल और यात्री परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में ‘लखपति दीदी’ योजना की सफलता के बाद सरकार ने ग्रामीण महिलाओं के लिए ‘शी मार्ट’ स्थापित करने का ऐलान किया है। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ऋण आधारित आजीविका से आगे बढ़ाकर उद्यम का स्वामी बनाने पर जोर दिया जाएगा। क्लस्टर स्तर पर सामुदायिक स्वामित्व वाले खुदरा आउटलेट के रूप में ‘शी मार्ट’ विकसित किए जाएंगे।

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी घोषणा करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही, उत्तर भारत में मानसिक स्वास्थ्य के लिए राष्ट्रीय स्तर के संस्थान की कमी को देखते हुए ‘निमहांस-2’ की स्थापना का भी प्रस्ताव किया गया है। इसके अलावा, 50 प्रतिशत जिला अस्पतालों में आपातकालीन और ट्रॉमा केयर केंद्र विकसित किए जाएंगे, जिससे गरीब और कमजोर वर्गों को आपात स्थिति में राहत मिल सके।

सीएम योगी की प्रतिक्रिया

केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह बजट आशा और आकांक्षाओं का बजट है, जिसमें नए भारत और विकसित भारत की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि आयुष और स्वास्थ्य क्षेत्र पर जोर, महिलाओं के लिए हर जिले में छात्रावास की व्यवस्था और युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार इस बजट की प्रमुख विशेषताएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश की अर्थव्यवस्था को तेजी से आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.