इंडिगो और अदाणी एयरपोर्ट की साझेदारी, ड्यूटी-फ्री खरीदारी पर मिलेंगे ब्लूचिप्स

अहमदाबाद। देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो और अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) ने रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है, जिसके तहत इंडिगो ब्लूचिप कार्यक्रम के सदस्य अब एएएचएल द्वारा संचालित हवाई अड्डों पर ड्यूटी-फ्री खरीदारी पर भी रिवॉर्ड अंक अर्जित कर सकेंगे।

कंपनी के अनुसार, इस पहल के तहत यात्री अदाणी प्लेटफॉर्म के जरिए पहले से बुक किए गए ड्यूटी-फ्री उत्पादों पर प्रत्येक 100 रुपये के खर्च पर पांच इंडिगो ब्लूचिप्स प्राप्त करेंगे। यात्री यात्रा से पहले ऑनलाइन उत्पाद चुनकर उन्हें आरक्षित और भुगतान कर सकते हैं तथा हवाई अड्डे पर अपनी खरीदारी प्राप्त कर सकते हैं।

यह भी पढ़े - सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला: गोद लेने वाली मां को 12 सप्ताह का मातृत्व अवकाश, 3 महीने की सीमा रद्द

इंडिगो के मुख्य डिजिटल एवं सूचना अधिकारी नीतन चोपड़ा ने कहा कि यह साझेदारी ग्राहकों को उड़ानों से आगे बढ़कर अतिरिक्त लाभ देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

एएएचएल के नॉन-एरो व्यवसाय के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुचित बंसल ने कहा कि इस पहल से डिजिटल सर्च, प्री-ऑर्डर और आसान कलेक्शन जैसी सुविधाओं के जरिए यात्रियों के खरीदारी अनुभव को बेहतर बनाया जाएगा।

कंपनी के मुताबिक, ग्राहक एक विशेष पोर्टल के माध्यम से अपनी इंडिगो ब्लूचिप सदस्यता आईडी लिंक कर सकते हैं और खरीदारी के 24 से 48 घंटे के भीतर अंक प्राप्त कर सकते हैं।

यह सुविधा फिलहाल मुंबई, अहमदाबाद, तिरुवनंतपुरम, जयपुर, मंगलुरु और लखनऊ हवाई अड्डों पर उपलब्ध है, जबकि इसे जल्द ही गुवाहाटी और नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों तक विस्तारित करने की योजना है।

इंडिगो प्रतिदिन 2,000 से अधिक उड़ानों का संचालन करती है और 140 से अधिक गंतव्यों को जोड़ती है। वहीं, एएएचएल देश में कई प्रमुख हवाई अड्डों का संचालन करता है और इसे भारत का सबसे बड़ा निजी हवाई अड्डा अवसंरचना मंच माना जाता है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.