- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- फर्रुखाबाद
- फर्रुखाबाद विस्फोट मामला: पूर्व विधायक विजय सिंह के बेटों समेत छह पर केस दर्ज
फर्रुखाबाद विस्फोट मामला: पूर्व विधायक विजय सिंह के बेटों समेत छह पर केस दर्ज
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय सिंह के घर हुए विस्फोट के मामले में उनके दो बेटों समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पूछताछ में घायलों की पहचान अविनाश उर्फ विक्की और अभिषेक उर्फ सिक्की के रूप में हुई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां अफरातफरी का माहौल था और मकान के भीतर मलबा फैला हुआ था। मलबे से एक अन्य घायल को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि अन्य घायलों को भी स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब आठ बजे जोरदार धमाका हुआ, जिससे मकान के ऊपरी हिस्से तक खिड़कियां, दरवाजे और छत क्षतिग्रस्त हो गईं। आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया।
प्रारंभिक जांच में मकान के बेसमेंट से विस्फोटक पदार्थ जैसी गंध मिलने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि वहां अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण या निर्माण किया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व विधायक विजय सिंह भारतीय जनता पार्टी के नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।
