- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- निपुण आकलन में बलिया का बेलहरी ब्लॉक अव्वल, खराब प्रदर्शन पर बीएसए नाराज
निपुण आकलन में बलिया का बेलहरी ब्लॉक अव्वल, खराब प्रदर्शन पर बीएसए नाराज
बलिया। निपुण भारत मिशन के तहत परिषदीय विद्यालयों में कराए गए निपुण आकलन में बलिया जिले का बेलहरी ब्लॉक प्रथम स्थान पर रहा है। वहीं, कई अन्य ब्लॉकों के कमजोर प्रदर्शन पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने नाराजगी जताई है।
बेलहरी ब्लॉक के 59 में से 41 विद्यालय (लगभग 69 प्रतिशत) निपुण घोषित हुए, जो जिले में सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा। इसके विपरीत, नगर क्षेत्र में 17 में से एक भी विद्यालय निपुण नहीं हो सका। बेरुआरबारी ब्लॉक की स्थिति भी कमजोर रही, जहां 68 में से केवल 5 विद्यालय निपुण घोषित हुए।
बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बताया कि कई ब्लॉकों—जैसे बेरुआरबारी, चिलकहर, गड़वार, मनियर, पंदह, रसड़ा और सोहांव—का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा, जहां 20 प्रतिशत विद्यालय भी निपुण नहीं हो सके।
उन्होंने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने स्तर पर समीक्षा करें और प्रदर्शन में सुधार लाएं, अन्यथा जिम्मेदारी तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
