लखनऊ में गंदे पानी पर संजय सिंह का हमला—बोले, क्या सरकार मौतों का इंतज़ार कर रही है?

लखनऊ। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार पर राजधानी लखनऊ में जनता को दूषित और बदबूदार पानी पिलाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सचिवालय कॉलोनी और उदयगंज जैसे वीआईपी इलाकों में हजारों लोग पिछले करीब आठ महीनों से मटमैला और दुर्गंधयुक्त पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग लगातार बीमार पड़ रहे हैं।

उदयगंज पहुंचकर संजय सिंह ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और समस्याएं सुनीं। लोगों ने बताया कि नलों से आने वाले पानी में गंदगी और कीचड़ साफ दिखता है। मजबूरी में उसी पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जिसके कारण डायरिया, पेट दर्द, उल्टी, बुखार और त्वचा रोग तेजी से फैल रहे हैं।

यह भी पढ़े - Hardoi News : पेपर कप फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, मशीन में गर्दन फंसने से मजदूर की मौत

आप सांसद ने कहा कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि लोग साफ पानी की तलाश में दूर-दूर भटक रहे हैं, लेकिन प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। इसे उन्होंने महज लापरवाही नहीं, बल्कि जनता की सेहत के साथ किया जा रहा खुला अपराध बताया।

संजय सिंह ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश की राजधानी—जहां मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहते हैं—वहीं बीच शहर में लोगों को पीने का साफ पानी नहीं मिल पा रहा, तो गांवों और कस्बों की स्थिति क्या होगी। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या सरकार इंदौर की तरह यहां भी लोगों की मौत का इंतज़ार कर रही है?

उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोग महीनों से जलकल विभाग, नगर निगम और प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं। लिखित शिकायतें और मुलाकातों के बावजूद केवल आश्वासन मिले। न दूषित पाइपलाइन बदली गई, न टंकियों की सफाई हुई और न ही नई बोरिंग कराई गई—यह प्रशासनिक विफलता और संवेदनहीनता का उदाहरण है।

संजय सिंह ने कहा कि एक ओर सरकार जल जीवन मिशन और स्मार्ट सिटी के नाम पर हजारों करोड़ खर्च के दावे करती है, दूसरी ओर राजधानी में लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। अगर धन का सही उपयोग हुआ होता, तो ऐसी स्थिति नहीं बनती।

उन्होंने मांग की कि सचिवालय कॉलोनी और उदयगंज में तुरंत नई बोरिंग कराई जाए, दूषित पाइपलाइनों को बदला जाए और स्थायी समाधान होने तक टैंकरों से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की।

अंत में संजय सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तुरंत समाधान नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी राजधानी लखनऊ में जन आंदोलन करेगी और सड़कों पर उतरकर जनता के हक के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी हर हाल में लखनऊ की जनता को साफ पानी दिलाकर रहेगी और इस लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.