- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया के स्पा सेंटर पर दिल्ली पुलिस की छापेमारी, सात नाबालिग समेत आठ लड़कियां बरामद
बलिया के स्पा सेंटर पर दिल्ली पुलिस की छापेमारी, सात नाबालिग समेत आठ लड़कियां बरामद
बलिया। नगर के मालगोदाम रोड स्थित चटोरी गली में शुक्रवार को दिल्ली की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम ने बलिया पुलिस के साथ एक स्पा मसाज सेंटर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विभिन्न जनपदों से आई सात नाबालिग समेत कुल आठ लड़कियों को बरामद किया गया। पुलिस ने सभी लड़कियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है तथा उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई दिल्ली में हाल ही में हुई एक जांच से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने गुजरात से एक लड़की को बरामद किया था। पूछताछ में लड़की ने बलिया के एक स्पा सेंटर की आड़ में नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार कराए जाने का खुलासा किया।
इसी सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम ने बलिया पहुंचकर मालगोदाम रोड स्थित चटोरी गली के मसाज सेंटर में छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार स्पा सेंटर का संचालन मोनू नामक व्यक्ति करता था, जो मूल रूप से दिल्ली के मदन गिरी, अंबेडकर नगर, साउथ दिल्ली का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
इस संबंध में शहर कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस द्वारा मसाज सेंटर में छापेमारी की गई है, जहां से कुछ लड़कियां बरामद हुई हैं। सभी का मेडिकल परीक्षण कराकर उन्हें वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है।
