Lucknow News: "हो सके तो माफ कर देना" नोटबुक छोड़कर घर से निकला बीटेक छात्र, लापता

लखनऊ: "हो सके तो मुझे माफ कर देना, अम्मा, मम्मी, पापा, भाई-बहन और दोस्तों..." यह शब्द एक बीटेक छात्र दीपक सिंह ने अपनी नोटबुक में लिखे और घर से लाइब्रेरी के लिए निकला। इसके बाद से वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका के चलते जानकीपुरम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए छात्र की तलाश शुरू कर दी है।

जानकीपुरम विस्तार निवासी ऋषभ सिंह ने बताया कि उनका भाई दीपक सिंह शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे घर से लाइब्रेरी जाने के लिए निकला था। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने दीपक के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका नंबर बंद था। लाइब्रेरी में पूछताछ करने पर पता चला कि दीपक लाइब्रेरी से घर के लिए निकल गया था।

यह भी पढ़े - परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल, 26 एआरटीओ और 9 आरटीओ के तबादले

मिले पत्र से बढ़ी चिंता

खोजबीन के दौरान परिजनों को दीपक की एक नोटबुक मिली, जिसमें उसने परिजनों को संबोधित करते हुए माफी मांगी थी। यह पत्र मिलने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था दीपक

दीपक ने बीटेक करने के बाद एक साल प्राइवेट नौकरी की थी। नौकरी छोड़ने के बाद वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह नियमित रूप से लाइब्रेरी जाता और सबसे पहले पहुंचकर शटर खोलता था।

पुलिस जुटी जांच में

जानकीपुरम थाने के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। दीपक के दोस्तों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

दीपक की लापता होने की घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस जल्द से जल्द दीपक का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.