- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- Lucknow Fire Tragedy: 14 मिनट में पहुंचीं 22 एंबुलेंस, अलर्ट मोड पर रहीं 108-102 सेवाएं; दो घायलों क...
Lucknow Fire Tragedy: 14 मिनट में पहुंचीं 22 एंबुलेंस, अलर्ट मोड पर रहीं 108-102 सेवाएं; दो घायलों का इलाज जारी
लखनऊ। अलीगंज स्थित एनीमेशन सेंटर में लगी भीषण आग के बाद राहत और बचाव कार्य में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं ने तेजी से कार्रवाई की। हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस नेटवर्क पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया और महज 14 मिनट के भीतर पहली एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गई। इसके बाद कुल 22 एंबुलेंसों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया।
भीड़भाड़ वाले इलाके में चुनौतीपूर्ण रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
एंबुलेंस कर्मियों ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही सभी वाहनों को बिना देरी के रवाना कर दिया गया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में समय पर पहुंचकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालना और उन्हें अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती थी, जिसे टीमों ने तत्परता और समन्वय के साथ पूरा किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत कार्यों की लगातार निगरानी की। साथ ही अतिरिक्त एंबुलेंसों को भी मौके पर तैनात रखा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
24 घायलों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया, दो का इलाज जारी
ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. प्रेम राज सिंह के अनुसार, हादसे में कुल 24 लोगों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। इनमें से 15 लोगों को चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों में लवप्रीत और जयंत का इलाज जारी है, जबकि सात अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
अलीगंज अग्निकांड में एंबुलेंस सेवाओं की त्वरित प्रतिक्रिया ने राहत कार्यों को गति देने और घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
