- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- Lucknow Fire Tragedy: ट्रॉमा सेंटर में गूंजी चीखें और सिसकियां, अपनों की तलाश में भटकते रहे परिजन
Lucknow Fire Tragedy: ट्रॉमा सेंटर में गूंजी चीखें और सिसकियां, अपनों की तलाश में भटकते रहे परिजन
लखनऊ। अलीगंज स्थित एनीमेशन सेंटर में लगी भीषण आग के बाद केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर का माहौल बेहद भावुक और दर्दनाक हो गया। शाम करीब साढ़े तीन बजे के बाद लगातार पहुंच रही एंबुलेंसों की आवाजें किसी बड़े हादसे की कहानी बयां कर रही थीं। कहीं घायल छात्रों की जिंदगी बचाने की जद्दोजहद थी तो कहीं अपने प्रियजनों की अंतिम पहचान का इंतजार।
डॉक्टरों और कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा
इमरजेंसी सेवाओं को प्रभावित होने से बचाने के लिए विभिन्न विभागों के डॉक्टर, रेजिडेंट चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम लगातार काम करती रही। कोई घायल छात्रों को स्ट्रेचर के माध्यम से उपचार कक्ष तक पहुंचा रहा था तो कोई जरूरी दवाओं और चिकित्सा संसाधनों की व्यवस्था में लगा था।
हालांकि, जब कई छात्रों को अस्पताल लाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया, तो इलाज की भागदौड़ के बीच पूरा वातावरण गम और सन्नाटे में बदल गया।
टूट गए कई परिवारों के सपने
एनीमेशन की दुनिया में भविष्य संवारने निकले कई युवाओं की असमय मौत ने न सिर्फ उनके परिवारों बल्कि अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों को भी भावुक कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। कोई अपने बेटे-बेटी की एक झलक पाने के लिए इधर-उधर भटक रहा था तो किसी की चीखें और सिसकियां पूरे परिसर को गमगीन कर रही थीं।
ट्रॉमा सेंटर की यह शाम केवल इलाज और बचाव कार्य की नहीं, बल्कि उन परिवारों के टूटते सपनों और बिखरती उम्मीदों की दर्दनाक गवाह बन गई, जिन्होंने अपने जिगर के टुकड़ों को हमेशा के लिए खो दिया।
