- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: राजन जी महाराज की श्रीराम कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 2100 कलशों के साथ निकली भव्य शो...
Ballia News: राजन जी महाराज की श्रीराम कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 2100 कलशों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
बलिया। बेरूआरबारी ब्लॉक के समीप भगवान दास मंदिर करीहरा परिसर में सोमवार से शुरू हुई अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज की नौ दिवसीय श्रीराम कथा के प्रथम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच विधायक केतकी सिंह ने सपरिवार पूजन-अर्चन कर कथा का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली आध्यात्मिक यात्रा है। कथा के दौरान संगीतमय भजनों और श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली 2100 कलशों की भव्य यात्रा
श्रीराम कथा के शुभारंभ से पूर्व सोमवार सुबह विशाल कलश यात्रा निकाली गई। 2100 कलशों के साथ निकली इस भव्य शोभायात्रा में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
हाथी, घोड़े और आकर्षक बैंड-बाजों के साथ यात्रा कथा स्थल से शुरू होकर शोकहरण नाथ शिव मंदिर के पोखरे तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल भरकर कलश स्थापित किए। इसके बाद शोभायात्रा पुनः कथा स्थल पहुंचकर संपन्न हुई।
संत परितोष चैतन्य जी महाराज के मंत्रोच्चार और देवी-देवताओं के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
इस अवसर पर विधायक केतकी सिंह, अमरनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह, उपेंद्र सिंह मुकुंडी, सौरभ रंजन सिंह, डॉ. सुबे लाल चौहान, सुनील सिंह, राजू शर्मा, शैलेंद्र राजभर, चंदन राजभर, विनय कुमार सिंह, राकेश महाजन, बालेन्दु रजक, दीपू सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
