- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: ऑपरेशन दहन के तहत 74 लाख रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ नष्ट, 11 थानों के 44 मुकदमों...
Ballia News: ऑपरेशन दहन के तहत 74 लाख रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ नष्ट, 11 थानों के 44 मुकदमों से जुड़े थे अवैध ड्रग्स
बलिया। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 थानों में दर्ज 44 अभियोगों से संबंधित अवैध मादक पदार्थों का विनष्टीकरण कराया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में गांजा, डायजापाम और हेरोइन शामिल हैं, जिनका कुल वजन 130.459 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत 74 लाख 6 हजार रुपये बताई गई है।
इन अवैध पदार्थों को जनपद गाजीपुर के थाना कासिमाबाद क्षेत्र में स्थित सिलिकॉन वेलफेयर सोसाइटी वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट के इन्सिनरेटर में ले जाकर वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार के नेतृत्व में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
