रायबरेली में सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, तीन दोस्तों की मौत

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बुधवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि जगतपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर मोलिया गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई।

पुलिस के अनुसार, कार में सवार धनंजय सिंह (32) निवासी दौलतपुर, आशुतोष (35) निवासी अलीगंज डिगवा और संदीप (35) निवासी परिहरी गांव रायबरेली शहर से काम निपटाकर देर रात अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार पहले पेड़ से टकराई, फिर पास के गड्ढे में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

यह भी पढ़े - 22 फरवरी से जापान दौरे पर मुख्यमंत्री योगी, भविष्य की रेल तकनीक मैग्लेव से होंगे रूबरू

हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

थानाध्यक्ष राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार प्रतीत हो रहा है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.