सोनी सब के ‘यादें’ की तैयारी में गुलकी जोशी ने मूल सीरीज़ डीओसी से समझी भावनाओं की गहराई

“कई एपिसोड देखे ताकि रिश्तों की बारीकियाँ और इमोशनल टोन सही तरह पकड़ सकूँ” – गुलकी जोशी

मुंबई, फरवरी 2026: सोनी सब जल्द ही अपना नया शो ‘यादें’ लेकर आ रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही गई इटैलियन सीरीज़ DOC का भारतीय रूपांतरण है। यह सीरीज़ अब तक पाँच से अधिक देशों में सफलतापूर्वक अपनाई जा चुकी है। यादें एक ऐसी भावनात्मक कथा प्रस्तुत करता है, जो मानवीय रिश्तों, ज़िंदगी बदल देने वाले हादसों और दूसरे मौक़ों की शक्ति को बेहद सादगी और यथार्थ के साथ सामने लाती है।

इस शो में अभिनेत्री गुलकी जोशी एक अहम किरदार में नज़र आएंगी। वे डॉ. देव (इक़बाल ख़ान द्वारा निभाया गया किरदार) की पूर्व पत्नी सृष्टि की भूमिका निभा रही हैं। सृष्टि एक सशक्त, अनुशासित और निर्णायक महिला है, जो अस्पताल प्रशासक के रूप में व्यवस्था, गरिमा और जवाबदेही को सर्वोपरि मानती है। यही गुण उसे कई बार डॉ. देव के विपरीत खड़ा कर देते हैं—खासतौर पर तब, जब एक हादसे के बाद डॉ. देव अपनी आठ साल की यादें खो देते हैं।

यह भी पढ़े - ‘इत्ती सी खुशी’ में बहन को मार्गदर्शन देना निजी अनुभव जैसा रहा: सुम्बुल तौकीर खान

हालांकि, इस सख़्त और संयमित बाहरी व्यक्तित्व के पीछे एक गहरा भावनात्मक संसार छिपा है। सृष्टि अपने अतीत के दर्द के साथ जी रही है, जिसमें अपने बेटे की असमय और विनाशकारी मृत्यु का बोझ भी शामिल है। गुलकी जोशी के लिए यही भावनात्मक परतें इस किरदार को खास बनाती हैं।

शो की तैयारी के दौरान गुलकी ने मूल इटैलियन सीरीज़ DOC के कई एपिसोड देखे, ताकि कहानी की भावनात्मक गहराई और रिश्तों की जटिलता को बेहतर ढंग से समझ सकें। उनके अनुसार, यादें की सबसे बड़ी ताकत इसकी ईमानदारी है—यह अनावश्यक नाटकीयता के बजाय सच्ची भावनाओं और शांत साहस पर भरोसा करता है।

अपनी तैयारी के अनुभव को साझा करते हुए गुलकी जोशी ने कहा,

“मैंने मूल सीरीज़ के कई एपिसोड देखे, ताकि उसकी भावनात्मक टोन और रिश्तों की जटिलता को सही मायनों में समझ सकूँ। यादें की सबसे खूबसूरत बात इसकी सच्चाई है। यह ड्रामा सिर्फ ड्रामा के लिए नहीं है, बल्कि दूसरे मौक़ों, भीतर की मजबूती और उन भावनाओं की कहानी है, जिन्हें हम अक्सर छुपा लेते हैं।

सृष्टि उस अतीत को ढो रही है, जिसे उसका पूर्व पति भूल चुका है। इस किरदार को निभाते हुए मुझे एहसास हुआ कि असली ताकत हमेशा ऊँची आवाज़ में नहीं, बल्कि संयम, गरिमा और ठहराव में होती है। यही बात इस कहानी को मेरे लिए बेहद खास बनाती है।”

देखिए ‘हुई गुम यादें – एक डॉक्टर, दो ज़िंदगियाँ’, जल्द ही केवल सोनी सब पर।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.