सुलतानपुर में सड़क हादसा: ट्रक से टकराई कार, मां-बेटे की मौत; दो अन्य घायल

सुलतानपुर: जिले के लम्भुआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में कार सवार मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर पनियार शुक्ला पेट्रोल पंप के पास हुई। एक ट्रक के आगे चलने के दौरान पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर उसमें जा टकराई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

यह भी पढ़े - यमुना एक्सप्रेसवे पर कंटेनर की चपेट में आए बस यात्री, छह की मौत, एक घायल

बताया गया कि कार में चालक सहित चार लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण कार का संतुलन बिगड़ा और वह आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ पहुंचाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल बेबी मसीह (45) और उनके पुत्र अर्पित कुमार (20) को जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

हादसे में बेबी मसीह की पुत्री संजू (27) को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अमृता (40) नामक एक अन्य महिला भी घायल हुई है। दोनों का उपचार जारी है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। लम्भुआ थाना के उप निरीक्षक जय शंकर यादव ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.