- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में 22 फरवरी को लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, आमजन को मिलेगा योजनाओं का लाभ
बलिया में 22 फरवरी को लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, आमजन को मिलेगा योजनाओं का लाभ
बलिया : उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर तथा जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया के आदेशानुसार 22 फरवरी 2026 (रविवार) को बलिया में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर गंगा बहुउद्देशीय कलेक्ट्रेट सभागार, बलिया में आयोजित होगा।
जिला न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि शिविर से पूर्व लघु एवं सूक्ष्म विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस शिविर का लाभ उठा सकें।
इस मेगा विधिक सहायता शिविर में निर्बल वर्ग, महिलाएं, दिव्यांगजन, बच्चे, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर में वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना सहित किसानों एवं दिव्यांगजनों से जुड़ी योजनाओं से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, मुख्य चिकित्साधिकारी विजय यादव, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने आपसी समन्वय से शिविर को सफल बनाने का आश्वासन दिया।
