कानपुर : फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

कानपुर : महाराजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतका सोनी (25) कानपुर देहात के देवीपुर शिवली की रहने वाली थीं। उनकी शादी वर्ष 2020 में महाराजपुर के रामनगर निवासी ई-रिक्शा चालक भानु प्रताप पाल से हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं—बेटा अभिषेक और बेटी अनुप्रिया।

यह भी पढ़े - वाराणसी: मोबाइल बनवाने के बहाने युवती को ले गई सहेली, गंगा किनारे नशीली चाय पिलाकर पांच युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म

मृतका के भाई मनीष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष 11 लाख रुपये नकद और एक पल्सर बाइक की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर सोनी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। मनीष के अनुसार सोनी अक्सर फोन पर अपने मायके वालों को ससुराल में हो रही प्रताड़ना के बारे में बताती थी।

उन्होंने बताया कि करीब एक साल पहले उनकी अपनी शादी में बाइक दी गई थी, जिसके बाद ससुराल पक्ष की मांग और बढ़ गई थी।

बुधवार शाम पड़ोसियों ने सूचना दी कि सोनी का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने शव कमरे में पड़ा देखा और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान ससुराल पक्ष और मायके वालों के बीच विवाद हो गया, जिसमें सोनी के चाचा अजय पाल की पिटाई कर दी गई।

सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दहेज उत्पीड़न और संभावित हत्या के पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.