बलिया में भीषण सड़क हादसे : तीन युवकों की मौत, चार गंभीर घायल

बलिया : जिले में होली के दिन दो अलग-अलग सड़क हादसों ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। इन दर्दनाक दुर्घटनाओं में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास दो बाइकों की टक्कर

रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में जयप्रकाश सिंह (40) पुत्र ललन सिंह निवासी सरिया, जिला गाजीपुर और दीपू गुप्ता (20) पुत्र जयप्रकाश गुप्ता निवासी गौरपुरा, रसड़ा की मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़े - प्रेमी से शादी की मांग को लेकर युवती 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी, पांच घंटे बाद उतरी

वहीं नितेश (17) पुत्र संतोष निवासी कुठहन, शादियाबाद (गाजीपुर) और बबलू (26) पुत्र देव सरण गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल सीएचसी रसड़ा पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत

वहीं दूसरी घटना बांसडीह–मनियर मार्ग पर पांडेय के पोखरा के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बोलेरो ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में नीरज गोंड (20) पुत्र ललन गोंड निवासी कैथवली की मौत हो गई, जबकि आकाश गोंड पुत्र आत्मा गोंड निवासी कैथवली और राजेंद्र (40) पुत्र राजा राम निवासी बैरिया गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद बोलेरो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराकर पलट गई।

सूचना मिलते ही बांसडीह कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को भी कब्जे में ले लिया है। होली के दिन हुए इन दर्दनाक हादसों से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.