- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया के इस ग्राम प्रधान पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, नाम और जन्मतिथि बदलने का आरोप
बलिया के इस ग्राम प्रधान पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, नाम और जन्मतिथि बदलने का आरोप
बलिया : फेफना थाना पुलिस ने हनुमानगंज ब्लॉक के कपूरी नारायनपुर गांव के ग्राम प्रधान अभय वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई गांव निवासी सूर्यप्रकाश वर्मा की शिकायत और सीओ सदर की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
शिकायत में बताया गया कि अभय वर्मा ने वर्ष 1995 में चैनराम इंटर कॉलेज सहतवार से रामाश्रय वर्मा पुत्र शिवजन्म वर्मा के नाम से हाईस्कूल परीक्षा पास की थी, जिसमें उनकी जन्मतिथि 5 जुलाई 1971 दर्ज है। वहीं श्री मुरली मनोहर टाउन इंटर कॉलेज के छात्र अभिलेख और स्थानांतरण प्रमाणपत्र में उनकी जन्मतिथि 5 जुलाई 1976 दर्ज बताई गई है।
इसके बाद वर्ष 2004 में उन्होंने रामधनी कुंवर इंटर कॉलेज गोपालपुर से अभय कुमार पुत्र शिवजन्म वर्मा के नाम से हाईस्कूल परीक्षा उत्तीर्ण की, जिसमें जन्मतिथि 1 जुलाई 1987 दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान यह सामने आया कि तीनों नामों से जुड़े दस्तावेज एक ही व्यक्ति अभय वर्मा पुत्र शिवजन्म वर्मा के हैं। आरोप है कि उन्होंने कथित रूप से कूटरचित तरीके से नाम और जन्मतिथि बदलकर दस्तावेज तैयार कराए और बाद में ग्राम प्रधान के पद पर निर्वाचित हुए।
पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी थी। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर फेफना थाना पुलिस ने प्रधान अभय वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी विश्वदीप सिंह ने बताया कि नाम और जन्मतिथि में हेरफेर के मामले में सीओ सदर की रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
