बरेली : फंदे पर लटकता मिला टेंट कारोबारी का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

हाफिजगंज/बरेली : हाफिजगंज थाना क्षेत्र में एक टेंट कारोबारी का शव मार्केट के बाहर बने टीन शेड में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिजनों ने हत्या कर शव को लटकाने की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार हाफिजगंज क्षेत्र के उदरनपुर गांव निवासी हरपाल मौर्य (32) का शव बुधवार देर शाम उनकी अपनी मौर्य मार्केट के टीन शेड में फंदे से लटका हुआ मिला। बताया जा रहा है कि हरपाल रोज की तरह शाम करीब छह बजे हाईवे किनारे स्थित अपनी मार्केट में सोने के लिए गए थे।

यह भी पढ़े - रायबरेली में सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, तीन दोस्तों की मौत

कुछ देर बाद जब परिजन वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि हरपाल का शव टीन शेड में फंदे से लटका हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना मिलने पर सीओ नवाबगंज और हाफिजगंज इंस्पेक्टर प्रवीण सोलंकी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को कमरे में अधपका मीट भी मिला, जिसे सील कर दिया गया है।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के पिता केसरी लाल ने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को टीन शेड में लटका दिया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मृतक हरपाल मौर्य अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी देवी, बेटी कोमल और बेटा रचित को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रवीण सोलंकी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.