Kannauj News: बच्चे को पीटने का विरोध करना पड़ा भारी… सिरफिरे ने फावड़े से किए कई वार, दंपती समेत तीन गंभीर

कन्नौज में सिरफिरे ने फावड़े से कई वार किए।

कन्नौज में बच्चे को पीटने का विरोध करना भारी पड़ गया। सिरफिर ने फावड़े से कई वार कर दिए। इसमें दंपती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कन्नौज: सिरफिरे ने फावड़े से ताबड़तोड़ कई वार कर दंपति व रिश्तेदार युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। घटना के पीछे आरोपी द्वारा पीड़ित के पुत्र को पीटने का विरोध रहा।

घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मौसमपुर मौरारा निवासी सुरेश कुमार पुत्र प्यारे लाल के पुत्र (06) को मोहल्ले का ही निवासी किशोर (17) पीट रहा था। यह देख मोहल्ले के ही राजमिस्त्री बाबू राम ने उसे रोका तो उसने फावड़ा उठा कर उसके ऊपर चला दिया। वह किसी तरह बच निकला।

यह भी पढ़े - यूपी–बिहार बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: बलिया पुलिस ने 17.70 लाख की शराब पकड़ी, चालक फरार

इधर बच्चे की रोने की आवाज सुन सुरेश कुमार(40) पहुंचा तो आरोपी ने उसके सिर पर फावड़ा मार कर दिया। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर ने हाथ व पैर पर फावड़े से कई वार किये। सोर सुन कर सुरेश की पत्नी गुड्डी देवी (35) बचाने पहुंची तो आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ फावड़ा चला दिया। उसके सिर व पैर में गंभीर चोट आने के साथ ही एक हाथ टूट गया।

इसके बाद सुरेश की साली सूर्या (22) बचाने पहुंची तो उसके सिर पर भी फावड़े से कई वार किये। इससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो मौके पर ही गिर पड़ी। तीनों को खून से लथपथ देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार आरोपी सिरफिरा किस्म का है। वह आए दिन झगड़ा और मारपीट करता है।

प्राथमिक उपचार के दौरान हालत गंभीर देख डॉक्टर ने तीनों को कानपुर रेफर कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोपी के परिजनों ने उसे मकान के अंदर बंद कर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इसे खुलवाने में पुलिस को काफी प्रयास करना पड़ा। किसी तरह दरवाजा खुलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार अवस्थी का कहना है कि तहरीर मिलने पर संबंधित किशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.