- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- जौनपुर
- जौनपुर में मंत्री ओपी राजभर ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- बिना भेदभाव हो रहा विकास
जौनपुर में मंत्री ओपी राजभर ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- बिना भेदभाव हो रहा विकास
जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह केवल बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री की हालिया विदेश यात्राओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को निवेश और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाई देना है।
राजभर ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश विकास के मामले में देश के लिए उदाहरण बनेगा। साथ ही उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संकेत देते हुए कहा कि उनकी पार्टी जौनपुर जिले की शाहगंज और जफराबाद सीटों पर अपनी दावेदारी पेश करेगी।
इस अवसर पर भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया और मंत्री के आगमन पर आभार जताया। कार्यक्रम में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
