कटहल नाले के सुन्दरीकरण कार्य पर डीएम सख्त, गुणवत्ता और गति बढ़ाने के निर्देश

बलिया: नगर पालिका परिषद, बलिया क्षेत्र के अंतर्गत कटहल नाले के विकास एवं सुन्दरीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लेते हुए अब तक किए गए कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया।

कार्यदायी संस्था जल निगम (नगरीय) की इकाई कन्स्ट्रक्शन एण्ड डिजाइन सर्विसेज (सीएनडीएस) द्वारा अभिलेखों एवं फोटोग्राफ्स के माध्यम से प्रगति रिपोर्ट दी गई। अधिकारियों के अनुसार परमनदापुर पुल से रामपुर महावल बैराज तक करीब 2 किलोमीटर लंबे कटहल नाले में से लगभग 1.5 किलोमीटर क्षेत्र का कार्य पूरा किया जा चुका है।

यह भी पढ़े - संभल में कार-टेंपो की टक्कर में चार की मौत, आठ घायल

परियोजना के तहत नाले के दोनों किनारों पर बोल्डर पिचिंग, जियो सेल मेम्बरिंग सिस्टम, सरफेस पार्किंग, लैंडस्केपिंग व हॉर्टिकल्चर, बैरियर, फसाद, सोलर लाइटिंग और मियावाकी फॉरेस्ट जैसे कार्य प्रस्तावित हैं।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने निर्देश दिए कि कार्य की नियमित निगरानी ड्रोन कैमरे के माध्यम से की जाए और किसी भी प्रकार की बाधा को चिन्हित कर संबंधित विभागों को तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

उन्होंने सिंचाई, बिजली और नगर विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को नाले के किनारे लगे जर्जर बिजली पोलों को हटाने के निर्देश दिए, जिससे संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कटहल नाले का विकास कार्य शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रमेश कुमार, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार, सीएनडीएस के सहायक अभियंता अभिषेक सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.