जालौन में दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत, चार गंभीर रूप से घायल

जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बुधवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अंडा के पास रात करीब नौ बजे हुई। एट थाना क्षेत्र के ग्राम सतोह निवासी 26 वर्षीय शिवम पुत्र स्वर्गीय गोविंददास अपने पड़ोसी दोस्त 16 वर्षीय शिवाजी और उसके 14 वर्षीय भाई श्यामजी के साथ बाइक से कोंच नगर में चल रहे एक कार्यक्रम को देखने जा रहा था। इसी दौरान उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।

यह भी पढ़े - पठन संस्कृति को प्रोत्साहन देगी सनबीम स्कूल बलिया की कम्युनिटी लाइब्रेरी, जानिए इसकी विशेषताएँ

दूसरी बाइक पर आगरा जिले के ग्राम कासपुर निवासी 30 वर्षीय राजकुमार पुत्र नरेश अपनी पत्नी मंजू और दो वर्षीय पुत्र ऋषभ के साथ सवार था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं और संतुलन बिगड़ने से आमने-सामने टकरा गईं।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवम और राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवाजी, श्यामजी, मंजू और मासूम ऋषभ को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

परिजनों के अनुसार, शिवम अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम कर अपनी छोटी बहन का पालन-पोषण कर रहा था। वहीं राजकुमार आगरा में सब्जी का कारोबार करता था और अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए जा रहा था।

कोंच कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.