- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- गाज़ियाबाद
- गाजियाबाद में दरोगा को हनी ट्रैप में फंसाने का आरोप, महिला गिरफ्तार
गाजियाबाद में दरोगा को हनी ट्रैप में फंसाने का आरोप, महिला गिरफ्तार
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक पुलिस उपनिरीक्षक को कथित रूप से हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला पर शारीरिक संबंध बनाने के बाद आपत्तिजनक सामग्री के जरिए पैसे ऐंठने और धमकाने का आरोप है।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी महिला ने उपनिरीक्षक से बड़ी धनराशि की मांग की और कई बार ऑनलाइन माध्यम से पैसे ट्रांसफर भी कराए। जब आगे भुगतान से इनकार किया गया तो महिला ने झूठे मुकदमों में फंसाने, सामाजिक बदनामी और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
मामले में कोर्ट के आदेश पर थाना शालीमार गार्डन में प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है। कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्य और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
