इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, युवती ने चाकू मारकर प्रेमी की हत्या की

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुए प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत सामने आया है। ब्रेकअप से नाराज एक युवती ने अपने प्रेमी के घर में घुसकर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय रोशनी और 25 वर्षीय कामता प्रसाद सूर्यवंशी की पहचान करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए थे। कुछ समय बाद कामता ने युवती से संपर्क तोड़ दिया और सोशल मीडिया समेत मोबाइल पर उसे ब्लॉक कर दिया। इससे नाराज रोशनी को शक था कि कामता का किसी अन्य युवती से संबंध हो गया है।

यह भी पढ़े - भिलाई में पति से विवाद के बाद महिला ने की आत्महत्या

मंगलवार सुबह रोशनी चाकू लेकर कामता के घर पहुंची। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद युवती ने कामता के सीने पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल कामता को परिजन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि रोशनी हत्या के इरादे से ही चाकू लेकर घर से निकली थी। पुलिस दोनों के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया चैट की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि मृतक कामता प्रसाद सूर्यवंशी जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी का भांजा था। मामले की विवेचना जारी है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.