झांसी में छात्रा ने सौतेले भाई पर उत्पीड़न का आरोप, पढ़ाई और नौकरी छोड़ी

झांसी। झांसी में एक नाबालिग छात्रा ने अपने सौतेले भाई पर अश्लील टिप्पणियां करने, पीछा करने और शादी का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि डर के कारण उसे स्कूल जाना और नौकरी दोनों छोड़नी पड़ी हैं। मामले को लेकर परिवार ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार, सौतेला भाई रास्ते में उसे आपत्तिजनक शब्दों से बुलाता था और अपने दोस्तों से कहता था कि वह उससे शादी करेगा। छात्रा ने आरोप लगाया कि दो महीने पहले आरोपी ने एक दुकान में घुसकर उसके साथ मारपीट की, जिसका सीसीटीवी फुटेज मौजूद है। इस मामले में पुलिस को शिकायत दी गई थी। हाल ही में आरोपी ने उसके ममेरे भाई के साथ भी मारपीट की, जिसका वीडियो भी सामने आया है।

यह भी पढ़े - कच्चा बादाम गर्ल के बॉयफ्रेंड आकाश संसंवाल ट्रोल, गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर बढ़े फॉलोअर्स

पीड़िता की मां ने बताया कि उनके पति की मृत्यु के बाद आरोपी के व्यवहार में बदलाव आया और उसने बेटी को निशाना बनाना शुरू कर दिया। परिवार का कहना है कि लगातार धमकियों और उत्पीड़न के कारण छात्रा की सुरक्षा खतरे में है।

परिवार का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई से वे संतुष्ट नहीं हैं, जिसके चलते उन्होंने मारपीट से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए। उनका कहना है कि जब तक आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक पीड़िता सामान्य जीवन नहीं जी पाएगी।

इस संबंध में प्रेमनगर थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि मारपीट के एक मामले में आरोपी का चालान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि अश्लील टिप्पणी या पीछा करने से संबंधित कोई लिखित शिकायत अब तक दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.