सीतापुर में सड़क हादसे में बीमा सर्वेयर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में मंगलवार शाम एक सड़क दुर्घटना में बीमा कंपनियों के सर्वेयर की मौत हो गई। गलत दिशा से आ रही एक जेसीबी से कार की टक्कर में 58 वर्षीय शांताकार अवस्थी की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी शांताकार अवस्थी पेशे से बीमा सर्वेयर थे। वह मंगलवार को आधिकारिक कार्य से लखीमपुर गए थे और शाम करीब छह बजे निजी कार से सीतापुर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार शाहमहोली चौकी क्षेत्र में पहुंची, तभी सामने से गलत दिशा में आ रही एक तेज रफ्तार जेसीबी ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

यह भी पढ़े - कच्चा बादाम गर्ल के बॉयफ्रेंड आकाश संसंवाल ट्रोल, गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर बढ़े फॉलोअर्स

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अवस्थी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी अवधेश बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन और जेसीबी को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

शांताकार अवस्थी के निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार, घर में उनकी गंभीर रूप से बीमार पत्नी, एक इकलौता बेटा और तीन विवाहित बेटियां हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जेसीबी चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.