- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- हाथरस
- हाथरस में सेना के जवान की गोली मारकर हत्या, हाईवे पर बाइक सवार हमलावरों ने किया हमला
हाथरस में सेना के जवान की गोली मारकर हत्या, हाईवे पर बाइक सवार हमलावरों ने किया हमला
हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में शुक्रवार को भारतीय सेना के एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सादाबाद थाना क्षेत्र में हाथरस रोड पर मुन्नी देवी कोल्ड स्टोरेज के पास हाईवे पर हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही सादाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक रामन्नाथ कुशवाहा और क्षेत्राधिकारी अमित पाठक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव समदपुर निवासी 28 वर्षीय अखिलेश पुत्र देवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह आगरा कैंट में सेना की इंजीनियरिंग विंग में तैनात था। पुलिस के अनुसार, अखिलेश के पिता भी सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में अपने दामाद के पास गए हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के पुराने रिकॉर्ड व आपसी रंजिश के बिंदुओं की भी जांच की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।
