मैनपुरी में महिला शिक्षिका पर सनसनीखेज हमला, छात्र ने होंठ काटे; हालत गंभीर

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एकतरफा प्रेम से नाराज 12वीं के छात्र द्वारा महिला शिक्षिका पर सरेआम हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी छात्र ने गली में शिक्षिका के साथ जबरदस्ती की और विरोध करने पर उसके होंठ काट लिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 जनवरी की शाम को कोतवाली क्षेत्र में हुई, हालांकि इसका वीडियो फुटेज चार फरवरी को सामने आया। पीड़िता शहर के एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं, जबकि आरोपी 17 वर्षीय छात्र उसी विद्यालय में 12वीं कक्षा का छात्र था।

यह भी पढ़े - 16 फरवरी तक कई सवारी ट्रेनें रहेंगी निरस्त

whatsapp-image-2026-02-04-at-20.41.06.jpeg

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र शिक्षिका से एकतरफा प्रेम करता था और लंबे समय से उनका पीछा कर रहा था। उसने विद्यालय परिसर में भी अभद्र व्यवहार किया था, जिसकी शिकायत शिक्षिका ने स्कूल प्रशासन से की थी। पेरेंट्स-टीचर मीटिंग के दौरान आरोपी की मां को भी इसकी जानकारी दी गई थी, जिसके बाद कुछ समय तक हालात सामान्य रहे।

हालांकि, बाद में छात्र ने दोबारा शिक्षिका को परेशान करना शुरू कर दिया। प्रताड़ना से तंग आकर शिक्षिका ने 15 जनवरी को स्कूल की नौकरी छोड़ दी और दूसरे निजी स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा।

whatsapp-image-2026-02-04-at-20.41.14-1024x738.jpeg

पुलिस के मुताबिक, 26 जनवरी की शाम जब शिक्षिका एक छात्र को पढ़ाने उसके घर जा रही थीं, तभी आरोपी ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी शिक्षिका का हाथ पकड़कर जबरन साथ चलने की कोशिश करता और उन्हें घसीटता हुआ दिखाई दे रहा है। जब शिक्षिका ने खुद को छुड़ाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनके होंठ पर हमला कर दिया, जिससे उनके ऊपरी और निचले होंठ गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

whatsapp-image-2026-02-04-at-20.41.06-1.jpeg

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से परिजन शिक्षिका को जिला अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां प्लास्टिक सर्जन उपलब्ध न होने के कारण शिक्षिका को आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में एक फरवरी को आरोपी छात्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज समेत सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.