- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- UP IPS Transfer: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले
UP IPS Transfer: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस संबंध में गृह विभाग की ओर से आदेश जारी किया गया है। कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिदेशक अयोध्या परिक्षेत्र प्रवीण कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन के पद पर तैनात किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक ईओडब्ल्यू के.एस. इमैन्युअल को पुलिस महानिरीक्षक एवं डीजीपी के जीएसओ (जनरल स्टाफ ऑफिसर) की जिम्मेदारी दी गई है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानपुर विनोद कुमार को पुलिस महानिरीक्षक, डॉ. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद भेजा गया है। गाजियाबाद कमिश्नरेट के अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी को अपर पुलिस आयुक्त वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट नियुक्त किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर राजकरन नैय्यर को अपर पुलिस आयुक्त गाजियाबाद बनाया गया है।


पुलिस उपमहानिरीक्षक मिर्जापुर संकल्प शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ विपिन टाडा को कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में संयुक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव को लखनऊ एटीएस में पुलिस उपमहानिरीक्षक बनाया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी को पुलिस उपमहानिरीक्षक, तकनीकी सेवाएं लखनऊ भेजा गया है। पीटीसी मुरादाबाद के पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेन्द्र यादव को पुलिस उपमहानिरीक्षक लखनऊ मुख्यालय बनाया गया है। सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, 09वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद की सेनानायक ख्याति गर्ग को पुलिस अधीक्षक खीरी बनाया गया है, जबकि रायबरेली के पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह को बस्ती का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
