- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बरेली
- बरेली में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो घायल
बरेली में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो घायल
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से हुआ।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से खिरका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
चिकित्सकों ने गांव गूला निवासी भगवान दास को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल ब्रज किशोर और अजय पाल उर्फ बंटी की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बरेली रेफर किया गया, जहां उन्हें नवोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच की जा रही है। रोडवेज बस को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
