उरई में कैफे की आड़ में चल रहे अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़, 12 से अधिक युवक गिरफ्तार

उरई (जालौन)। उरई शहर में कैफे की आड़ में संचालित किए जा रहे अवैध हुक्का बार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दर्जन से अधिक युवकों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में हुक्का और नशीला तंबाकू बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जेल चौकी इंचार्ज के नेतृत्व में जालौन रोड स्थित एक कैफे पर की गई। सूचना के आधार पर की गई अचानक छापेमारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कैफे से हुक्का, पाइप और नशीले पदार्थ जब्त किए तथा वहां मौजूद युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली उरई पहुंचाया।

यह भी पढ़े - कच्चा बादाम गर्ल के बॉयफ्रेंड आकाश संसंवाल ट्रोल, गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर बढ़े फॉलोअर्स

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए सभी युवक बालिग हैं। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही कैफे संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है कि बिना अनुमति के हुक्का बार किस आधार पर संचालित किया जा रहा था।

छापेमारी की सूचना फैलते ही कोतवाली परिसर में पकड़े गए युवकों के परिजनों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में किसी भी प्रकार का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि कैफे में हुक्का पिलाने के अलावा किसी अन्य अवैध गतिविधि का संचालन तो नहीं किया जा रहा था। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.