Hardoi News: चुनावी रंजिश में प्रधान पति ने साथियों संग चाचा की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र में पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि दबंग प्रधान पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही चाचा की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मामला हरपालपुर थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, सोमेंद्र सिंह की पत्नी आरती सिंह वर्तमान में गांव की प्रधान हैं, जबकि मृतक अशोक सिंह का बेटा अरविंद सिंह आगामी ग्राम प्रधान चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। अरविंद सिंह ने गांव की मतदाता सूची में करीब 140 फर्जी वोट शामिल होने की शिकायत अधिकारियों से की थी।

यह भी पढ़े - Maharajganj News : पारिवारिक कलह का खौफनाक अंत, पति ने दो बच्चों के साथ लगाई फांसी

शिकायत की जांच के लिए राजस्व निरीक्षक राजेश शुक्ला और लेखपाल श्यामवीर सोमवंशी के नेतृत्व में राजस्व टीम गांव पहुंची थी। जांच के दौरान आरोप है कि सोमेंद्र सिंह और उसके साथियों ने अरविंद सिंह के साथ खुलेआम गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार किया, यहां तक कि लेखपाल से कागजात भी छीन लिए गए। इस घटना की शिकायत करने अरविंद अपने भाई के साथ कोतवाली चला गया।

इसी बीच घर पर अकेले मौजूद अशोक सिंह को निशाना बनाया गया। आरोप है कि सोमेंद्र सिंह अपने साथियों के साथ घर में घुसा और अशोक सिंह पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। तब तक पिटाई की गई, जब तक अशोक सिंह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश नहीं हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.