- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- हरदोई
- हरदोई: सांप के डसने के बाद जिंदा सांप को बोतल में लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचा युवक, इलाज के दौरान मौत
हरदोई: सांप के डसने के बाद जिंदा सांप को बोतल में लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचा युवक, इलाज के दौरान मौत
हरदोई। जिले के सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहरीले सांप के डसने के बाद एक युवक उसी सांप को जिंदा पकड़कर बोतल में बंद कर मेडिकल कॉलेज पहुंच गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां रामलली ने बताया कि मानसिक बीमारी के कारण बेंचेलाल का व्यवहार अक्सर आक्रामक रहता था। इसी वजह से वह अपने अन्य बेटों के साथ सवायजपुर में किराये के मकान में रहने लगी थीं, जबकि बेंचेलाल की पत्नी लक्ष्मी अपने बेटे शिवम के साथ दिल्ली चली गई थीं। इसके बाद बेंचेलाल गांव में अकेला रह रहा था।
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर घर में मौजूद बेंचेलाल को जहरीले सांप ने डस लिया। इसके बावजूद उसने साहस दिखाते हुए सांप को जिंदा पकड़कर एक बोतल में बंद कर लिया। इसके बाद वह उसी बोतल के साथ एक निजी अस्पताल पहुंचा, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में जब युवक बोतल में बंद जहरीले सांप के साथ पहुंचा तो वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण शाम को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
