Gonda News: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

परसपुर/गोंडा। थाना परसपुर क्षेत्र के तालेपुरवा गांव में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, थाना कटरा बाजार क्षेत्र के ग्राम मुंशीपुरवा चौदहा निवासी बाबूलाल चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 20 वर्षीय पुत्री पूनम चौहान की शादी करीब दो वर्ष पूर्व तालेपुरवा गांव निवासी हीरालाल चौहान के साथ हुई थी।

यह भी पढ़े - Gonda News : घर में फांसी लगाकर युवक ने दी जान, कुछ दिन पहले ही बाहर प्रदेश से लौटा था

आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर पूनम का उत्पीड़न कर रहे थे। मंगलवार को पूनम का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और मजिस्ट्रेट को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, घटना के समय मृतका का पति और उसका करीब 80 वर्षीय ससुर घर पर मौजूद थे।

मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.