लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर पर लगेगा ‘तेजस’ विमान का मॉडल, युवाओं को देगा प्रेरणा

लखनऊ। शहर के विकास में एक नया आकर्षण जुड़ने जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के नव निर्मित ग्रीन कॉरिडोर पर स्वदेशी लड़ाकू विमान ‘तेजस’ का भव्य मॉडल स्थापित किया जाएगा। यह मॉडल न केवल शहर की पहचान को नई दिशा देगा, बल्कि देश की सैन्य शक्ति का प्रतीक बनकर युवाओं को प्रेरित भी करेगा।

एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा यह मॉडल बेंगलुरु से मंगाया गया है। यह मॉडल करीब 15 फीट लंबा और 9.5 फीट चौड़ा है, जबकि इसका वजन लगभग 200 किलोग्राम है। इसे असली तेजस विमान की तरह ही डिजाइन किया गया है।

यह भी पढ़े - Lucknow News : गाजीपुर मामले पर अखिलेश यादव का हमला, बोले— सरकार के इशारे पर हुआ उत्पीड़न

फिलहाल यह मॉडल जनेश्वर मिश्र पार्क में रखा गया है, जिसे जल्द ही समतामूलक चौराहे के पास ग्रीन कॉरिडोर के प्रवेश द्वार पर स्थापित किया जाएगा। इस रोटरी का नाम ‘तेजस चौराहा’ रखा जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, मॉडल स्थापित करने के लिए फाउंडेशन और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। लगभग 15 दिनों के भीतर यह काम पूरा कर मॉडल को पार्क से ग्रीन कॉरिडोर पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

यह पहल रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता और आत्मनिर्भरता को दर्शाने के साथ-साथ शहरवासियों के लिए एक नया आकर्षण भी बनेगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.