Ballia News : प्रसव के दौरान महिला की मौत, लापरवाही के आरोप पर PHC में हंगामा

बलिया। बांसडीह स्थित पीएचसी में प्रसव के दौरान 30 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार सुबह अस्पताल परिसर में हंगामा किया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही और अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, गोड़धप्पा गांव निवासी राकेश पटेल की पत्नी रूबी देवी को रविवार दोपहर प्रसव के लिए पीएचसी बांसडीह लाया गया था। रात करीब आठ बजे ड्यूटी पर तैनात एएनएम ने प्रसव कराया, जिसमें पुत्र का जन्म हुआ।

यह भी पढ़े - जनसुनवाई में डीएम ने दिव्यांगजनों को वितरित किए सहायक उपकरण

परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, लेकिन समय पर उचित इलाज और रेफर नहीं किया गया। सोमवार सुबह हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल में हंगामा करने लगे। सूचना पर एसडीएम अभिषेक प्रियदर्शी, सीओ जयशंकर मिश्र, प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रसव के नाम पर एएनएम द्वारा 11 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 5 हजार रुपये लिए भी गए।

एसडीएम ने चिकित्सा अधीक्षक को मामले की जांच कर दो दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया लापरवाही प्रतीत हो रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मृतका अपने पीछे दो बेटियां और एक नवजात पुत्र छोड़ गई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.