- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- गोंडा
- गोंडा: अमित शाह आज अपनी जनसभा के दौरान बीजेपी प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगेंगे
गोंडा: अमित शाह आज अपनी जनसभा के दौरान बीजेपी प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगेंगे
गोंडा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज गोनर्द की धरती से अवध क्षेत्र की लोकसभा सीटों के मतदाताओं को साधने की कोशिश करेंगे। गृहमंत्री का हेलीकाप्टर दोपहर 3.15 बजे लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के बीएसएसी कैंपस में बनाए गए हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से वह कार द्वारा शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज में आयोजित जनसभा स्थल तक पहुंचेंगे और चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री की जनसभा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है।

अमित शाह शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज के मैदान से न सिर्फ गोंडा के मतदाताओं से मुखातिब होंगे बल्कि यहीं से कैसरगंज व अवध क्षेत्र की अन्य सभी सीटों के मतदाताओं को साधने की कोशिश करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप उर्फ बमबम ने बताया कि गृह मंत्री की जनसभा में व्यवस्था चाक चौबंद रहे इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की 32 अलग अलग टोलियां बनायी गयी हैं जो जनसभा में पहुंचने वाले मतदाताओं की देखभाल व सुरक्षा के साथ साथ पेयजल, साफ सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का ध्यान रखेंगी।
गृहमंत्री की जनसभा को लेकर रहेगा रूट डायनर्जन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की चुनावी जनसभा को लेकर जिले की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। जनसभा को लेकर आज जिले में रूट डायनर्जन प्लान लागू रहेगा। प्लान के मुताबिक लखनऊ जाने वाली रोडवेज बसें मिश्रौलिया, डीजल डिपो के रास्ते अम्बेडकर चौराहा होते हुए लखनऊ जायेगी तथा इसी रास्ते वापस आयेगी। अयोध्या जाने वाली रोडवेज बसे गुरुनानक चौराहे से बड़गांव होते हुए सद्भावना के रास्ते जायेंगी तथा इसी रास्ते वापस आयेंगी। लखनऊ रोड से आने वाले बड़े वाहन जिन्हे बलरामपुर, श्रावस्ती जाना है ऐसे वाहन अम्बेडकर चौराहे से जेल रोड होते हुए कटहा घाट, सद्भावना के रास्ते जायेंगे तथा इसी रास्ते वापस आयेंगे। छोटे वाहन अम्बेडकर चौराहे से पोस्ट आफिस तिराहा, आईटीआई चौराहा होते हुए अपने गन्तव्य को जायेगी तथा इसी रास्ते से वापस आयेगी। लखनऊ रोड से आने वाले ऐसे वाहन जिन्हे बहराइच जाना है वे सभी अम्बेडकर चौराहे से सदरूदीन तिराहा होते हुए आर्य नगर के रास्ते अपने गन्तव्य को जायेंगे तथा इसी रास्ते वापस आयेंगे। आपातकालीन वाहनों के लिए रूट डायनर्जन लागू नहीं रहेगा।
