गाजीपुर : महड़ौर विद्युत उपकेंद्र का एमडी ने किया निरीक्षण, खामियां जल्द दूर करने के निर्देश

गाजीपुर : पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, वाराणसी के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने गुरुवार को कासिमाबाद क्षेत्र स्थित महड़ौर विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपकेंद्र की तकनीकी और अनुरक्षण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की।

एमडी ने बताया कि हाल ही में ऊर्जा मंत्री के निरीक्षण में कुछ कमियां सामने आई थीं, जिनके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यह भी पढ़े - बलिया में चोरी की दो बाइक बरामद, कट्टा-कारतूस के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विशेष रूप से महड़ौर उपकेंद्र में अनुरक्षण कार्य के दौरान एक सीटी (करंट ट्रांसफॉर्मर) में मिले बायपास को दो दिन के भीतर ठीक करने के निर्देश दिए गए।

एमडी ने कहा कि गर्मी बढ़ने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं, जिससे ओवरलोडिंग और फॉल्ट की स्थिति से बचा जा सके। उन्होंने लाइनमैन और अन्य विद्युत कर्मियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी।

इस दौरान एसडीओ मनोज कुमार वर्मा, जेई विवेक खरवार सहित उपकेंद्र के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.