Lucknow : स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल को गोली मारने से सनसनी, हालत गंभीर

लखनऊ : रहीमाबाद थाना क्षेत्र के जुगराजगंज स्थित प्रभावती पीवी शिक्षण संस्थान में गुरुवार दोपहर एक युवक द्वारा स्कूल के प्रिंसिपल को गोली मारने की घटना से सनसनी फैल गई। घायल प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। जुगराजगंज निवासी आरोपी विजय पाल वैगनआर कार से स्कूल पहुंचा और हथियार लहराते हुए सीधे प्रिंसिपल के कार्यालय में घुस गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने अनिल कुमार सिंह पर फायर कर दिया। बचने के प्रयास में प्रिंसिपल अलमारी के पीछे छिप गए, लेकिन गोली अलमारी से टकराकर उनके पेट में जा लगी।

यह भी पढ़े - बलिया: कंपोजिट विद्यालय वैना के तीन छात्रों का चयन, शिक्षकों की मेहनत रंग लाई

गोली चलने की आवाज से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। बच्चे घबराकर इधर-उधर भागने लगे, जबकि शिक्षकों ने किसी तरह उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने दूसरा फायर करने की भी कोशिश की, लेकिन शिक्षकों और स्थानीय लोगों के पहुंचने पर वह असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गया।

घायल प्रिंसिपल को पहले सीएचसी मलिहाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर भेज दिया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर रहीमाबाद के अनुसार प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या लेन-देन का विवाद सामने आ रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.