- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- भृगु काशी में भक्ति का महासंगम : श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के पांचवें दिन उमड़ा जनसैलाब
भृगु काशी में भक्ति का महासंगम : श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के पांचवें दिन उमड़ा जनसैलाब
बलिया : महर्षि भृगु वैदिक गुरुकुलम, रामगढ़ (गंगापुर) के सानिध्य में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के पांचवें दिन आस्था का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ मंडप की परिक्रमा करते रहे, जबकि भृगु काशी की पावन धरा पर महायज्ञ की आहूतियों के साथ मां गंगा के दर्शन के लिए दूर-दूर से भक्तों का तांता लगा रहा।
इस अवसर पर आचार्य मोहित पाठक ने मां गंगा की अविरलता और स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति की प्राणवायु हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से मां गंगा की स्वच्छता, निर्मलता और संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
महायज्ञ के साथ चल रही श्रीराम कथा के दौरान पंडाल जयकारों से गूंज उठा, जब आचार्य उत्कर्ष जी महाराज ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का भावपूर्ण वर्णन किया। सोहर और मंगल गीतों के बीच श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। शिव विवाह प्रसंग ने भी भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महादेव की बारात और माता पार्वती के साथ विवाह की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
आचार्य शौनक द्विवेदी, अमन पांडेय, मनीष, अतुल और बृहस्पति सहित गुरुकुलम के बटुकों के सस्वर वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। सामूहिक पूजन, आरती और प्रसाद वितरण के साथ पांचवें दिन के कार्यक्रमों का समापन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
