- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बेलहरी में निकली स्कूल चलो रैली : बच्चों ने नारों से जगाई शिक्षा की अलख
बेलहरी में निकली स्कूल चलो रैली : बच्चों ने नारों से जगाई शिक्षा की अलख
बलिया : स्कूल चलो अभियान के तहत गुरुवार को शिक्षा क्षेत्र बेलहरी में ब्लॉक स्तरीय जागरूकता रैली निकाली गई। बीआरसी परिसर से शुरू हुई इस रैली को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मृत्युंजय तिवारी बब्लू, प्राशिसं अध्यक्ष शशिकांत ओझा, मंत्री संतोष सिंह, खंड विकास अधिकारी विकास मिश्र और बीईओ राजीव गंगवार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान बच्चों ने “पापा सुन लो विनय हमारी, पढ़ने की है उम्र हमारी”, “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलकर नाम लिखाओ”, “एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा”, “हर घर में दीप जलेगा, हर बच्चा स्कूल चलेगा” और “पढ़ेंगे-पढ़ाएंगे, उन्नत देश बनाएंगे” जैसे नारे लगाकर शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मृत्युंजय तिवारी बब्लू और खंड विकास अधिकारी विकास मिश्र ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक यह संदेश पहुंचाना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से सभी बच्चों का स्कूल में नामांकन कराने की अपील की।
रैली में एआरपी ब्रजेश बिहारी सिंह, संत राज सिंह, राजीव दूबे, राकेश यादव, ब्रजभूषण पांडेय, राजीव कुमार उपाध्याय, मनोज पांडे, अजय कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशिभूषण मिश्र ने किया।
