लखनऊ : बीकेटी में ग्राम सभा की जमीन पर बनी मस्जिद हटाई गई, भारी पुलिस बल तैनात

लखनऊ : बख्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र के अस्ती गांव में ग्राम सभा की जमीन पर बनी एक मस्जिद को गुरुवार तड़के प्रशासन ने हटाने की कार्रवाई की। सुबह करीब 4 बजे एडीएम और एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में मौके पर पहुंची और बुलडोजर से कुछ ही घंटों में ढांचा ध्वस्त कर दिया। पूरे इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।

प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ के आदेश के अनुपालन में की गई। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित ढांचा ग्राम सभा की भूमि पर बना था, जिसका निर्माण राजस्व अभिलेखों के अनुसार नियमों के विपरीत पाया गया।

यह भी पढ़े - बलिया में 25 मार्च को 448 हेडमास्टर होंगे सम्मानित, बीएसए ने जारी की सूची

मामले की शुरुआत वर्ष 2024 में अतिक्रमण रिपोर्ट दाखिल होने के बाद हुई थी। इसके बाद तहसीलदार कोर्ट ने बेदखली का आदेश दिया, जिसे एडीएम कोर्ट और बाद में हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। हालांकि, सभी स्तरों पर याचिका खारिज होने के बाद प्रशासन ने हटाने की कार्रवाई की। हाईकोर्ट ने मार्च 2026 के आदेश में निचली अदालत के फैसले को सही ठहराया था।

अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई के बाद मलबा भी हटवा दिया गया है और इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात रखा गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.