बलिया में मेडिकल बाईपास को मिली रफ्तार : एनएच-31 से महिला अस्पताल तक बनेगा नया कॉरिडोर

बलिया : जनपद में प्रस्तावित मेडिकल बाईपास कॉरिडोर परियोजना को तेजी देने के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को एनएच-31 माल्देपुर मोड़ से हैबतपुर होते हुए जिला महिला अस्पताल तक बनने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 35.23 करोड़ रुपये लागत की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से शहर की यातायात व्यवस्था और चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मार्ग के चौड़ीकरण, सुंदरीकरण और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने को कहा और मार्ग की लंबाई-चौड़ाई का सटीक माप लेकर किसानों से संवाद स्थापित कर एलाइनमेंट तय करने पर जोर दिया।

यह भी पढ़े - नर्सिंग होम प्रकरण पर उबाल: कैंडल मार्च, ‘बलिया बंद’ और आत्मदाह की चेतावनी

डीएम ने निर्देश दिया कि कितने किसान प्रभावित होंगे, कितनी भूमि अधिग्रहित होगी और कितने काश्तकार इसमें शामिल हैं, इसकी विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर तैयार की जाए। साथ ही सीमांकन कार्य जल्द पूरा करने और अतिक्रमण वाले स्थानों को चिन्हित कर लाल निशान लगाने को भी कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना से जुड़ी सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। अधिकारियों का मानना है कि यह बाईपास बनने के बाद शहर में जाम की समस्या कम होगी और जिला महिला अस्पताल तक पहुंचने में एम्बुलेंस व मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान सीआरओ त्रिभुवन, एसडीएम सदर तिमराज सिंह, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.