Bhadohi News: बिल्ली से डरकर भागा मासूम, कुएं में गिरने से दर्दनाक मौत, मां बदहवास

भदोही: ऊंज थाना क्षेत्र के कुरमैचा गांव में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया, जहां ढाई साल के मासूम की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बच्चा खेलते-खेलते बिल्ली देखकर डर गया और भागते हुए कुएं में गिर पड़ा। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि अपने लाल को तड़पता देख मां बदहवास हो गई।

खेलते-खेलते हुआ हादसा

कुरमैचा निवासी दिनेश कुमार के दो बेटे हैं— ढाई साल का धार्विक और एक साल का ध्रुव। गुरुवार दोपहर धार्विक दरवाजे के पास खेल रहा था, जबकि उसकी मां पूनम छोटे बेटे को दूध पिला रही थी। इसी दौरान अचानक एक बिल्ली वहां आ गई, जिसे देखकर धार्विक डरकर भागने लगा।

भागते-भागते वह कुएं के पास पहुंच गया और अचानक फिसलकर नीचे गिर गया। मां जब तक कुछ समझ पाती और उसे पकड़ पाती, तब तक वह कुएं में समा चुका था।

गांव में मचा कोहराम

बेटे को कुएं में गिरता देख मां ने चीख-पुकार मचा दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

धार्विक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मां पूनम बदहवास हो गई।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.